युवक ने गले में फांसी का फंदा डालकर फेसबुक पर किया लाइव  

बिजनौर।

अपनी माँ से नाराज होकर एक किशोर ने गले में फांसी का फंदा डालकर फेसबुक पर लाइव हुआ। उसको बचाने के लिए उसकी मां तो नहीं आई, लेकिन पुलिस महज पांच मिनट में ही पहुंच गई। पुलिस को देख युवक मौके से फरार हो गया। माँ से पैसा नहीं मिलने पर नाराज किशोर ने मां को डराने के लिए आत्महत्या का नाटक किया, लेकिन पुलिस की सजगता से वह कुछ नहीं कर सका।

फेसबुक पर लाइव आकर 16 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाने की बात कही। फेसबुक लाइव वीडियो को पुलिस मुख्यालय पर देख लिया गया, पुलिस अफसरों की मानें तो तुरंत ही फेसबुक के मुख्यालय पर संपर्क किया गया। फेसबुक के मुख्यालय ने पुलिस को इस फेसबुक यूजर का नाम और पता भी मुहैया करा दिया गया। जिसके बाद तुरंत ही डायल 112 के साथ अफजलगढ़ थाने को सूचना दी गई।

अफजलगढ़ थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें बिजनौर पुलिस अफसरों से सूचना मिली थी कि गांव जिक्रीवाला में एक युवक फेसबुक पर लाइव आकर आत्महत्या कर रहा है। जिसके तुरंत बाद ही संबंधित चौकी पुलिस को मौके पर भेजा गया। पुलिस को देख युवक फांसी लगाने के बजाय मौके से भाग गया। बताया गया कि युवक अपनी मां से पैसे मांग रहा था, पैसा नहीं मिलने पर नाराज हुए युवक ने फांसी लगाने का नाटक किया।

बताया गया कि युवक का मकसद था कि उसकी मां यह वीडियो देखकर डरते हुए दौड़ी चली आए। उसकी मां यह वीडियो नहीं देख सकी, लेकिन पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को किशोर के कमरे में रस्सी पड़ी मिली। जिसे बरामद कर लिया गया। बता दें कि किशोर ने पंखे में रस्सी का सिरा बांधकर दूसरे सिरे का फंदा अपने गले में डाल लिया था। इसके बाद युवक फेसबुक पर लाइव आया।

थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पहले उसके खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन नाबालिग होने की वजह से ऐसा नहीं किया गया। युवक को अफजलगढ़ सीओ सर्वम सिंह ने अपने कार्यालय में बुलाकर काउंसलिंग की है।

Leave a Reply